Breaking

Wednesday, July 10, 2019

हवाबाजी: बरसाती गड्ढे में गिरा युवक, मुंबई से चेन्नई पहुंचा

नीरज बधवार, मुंबई खबर मुंबई से जहां बरसाती गड्ढे में गिरा एक शख्स महज 13 घंटे में मुंबई से चेन्नई पहुंच गया। बरसाती नाले से यात्रा कर मुंबई से चेन्नई पहुंचे शख्स का नाम झींगा एस्कोबार है। घटना का जिक्र करते हुए झींगा ने बताया कि किस तरह उनका हर हाल में चेन्नई पहुंचना जरूरी था। एयरपोर्ट बंद पड़ा था। रेलवे पटरियों पर पानी भरा था। वह अभी यह सोच ही रहा था कि क्या करे, तभी उसका पांव एक बरसाती गड्ढे में पड़ गया। जैसे-तैसे खुद को संभालते हुए वह पानी के बहाव के साथ तैरने लगा। कुछ देर बाद जब उसने आंख खोली तो देखा वह चेन्नई में रजनीकांत के घर के सामने था। वक्त रहते चेन्नई पहुंचने पर झींगा जहां खुशी से पागल हो गया। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद BMC ने बिना टिकट जलयात्रा करने के लिए युवक पर दो हजार रुपए जुर्माना लगा दिया है। इस बीच बीएमसी ने मुंबई में ऐसे 10 हजार गड्ढों की पहचान की है जिनमें गिरकर आप दुनिया के किसी भी शहर में जा सकते हैं। झींगा भी जिस गड्ढे में गिरा था वह मुंबई से सीधे कोलंबो जाता है। जानकारों का कहना है कि सालों की बारिश के चलते ये गड्ढे प्राचीन गुफाओं से भी बड़े हो चुके हैं। जमीन के भीतर ये गड्ढे इतने बड़े हो चुके हैं कि उनमें ट्रक चलाए जा सकते हैं। खबर तो यहां तक है कि बालाकोट के बाद पाकिस्तान के साथ तनाव बढ़ने पर परमाणु हमले की सूरत में इसी गड्ढे में पनडुब्बी भी तैनात कर दी थी। इसी खबर का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें-


from Hindi Jokes | Jokes in Hindi | हिंदी जोक्स, चुटकुले https://ift.tt/2XFyxFA

No comments:

Post a Comment